
क्रिकेट में मेजबान बनाम मेहमान की लड़ाई होती है. इसका मतलब है जिस देश में क्रिकेट सीरीज या टूर्नामेंट या मैच खेला जाता है, उसे मेजबान देश या मेजबान टीम कहते हैं, जो बाहरी टीम यानी दूसरे देश की टीम होती है, उसे मेहमान देश या मेहमान टीम कहते हैं. उदाहरण के लिए यूं समझिए, जैसे भारत की टेस्ट टीम श्रीलंका दौरे पर है. श्रीलंका मेजबान है और भारत मेहमान. अब अफगानिस्तान तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा. आप समझ रहे होंगे कि यानी टीम इंडिया अफगानिस्तान दौरे पर जाएगी. सोच आपकी सही है, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है. दरअसल, अफगानिस्तान मेजबानी जरूर करेगा, लेकिन भारतीय टीम यह सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेगी.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) 13, 15 और 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा. बीसीसीआई ने इस सीरीज के शेड्यूल का एलान भी कर दिया है.
एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नसीब खान ने बोर्ड के व्यावसायिक साझेदारों को लिखे एक पत्र में कहा, “एसीबी इसके द्वारा पुष्टि करता है कि भारत का अफगानिस्तान दौरा 2026, 13 सितंबर से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाला है.”
उन्होंने आगे कहा, “एसीबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम की तारीखों को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) की सहमति से तय किया गया है और मैचों के स्थानों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है.”
जी हां, मामला एकदम साफ है. बीसीसीआई ने अफगानिस्तान को दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम इस सीरीज के लिए होम वेन्यू दिया है. ऐसे में अफगानिस्तान इस सीरीज में मेजबानी करेगा. भारत का यह अफगानिस्तान दौरा कहलाएगा, लेकिन टी20 सीरीज के तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाएंगे.
🚨 NEWS 🚨
Afghanistan to host India for three-match T20I series in Delhi.
Read more: https://t.co/qRaeB72pjG#TeamIndia | #AFGvIND | @ACBofficials pic.twitter.com/mxsR5YqLw9
— BCCI (@BCCI) August 12, 2026
इससे पहले भी कई मौकों पर बीसीसीआई ने अफगानिस्तान क्रिकेट की मदद की है. शुरुआत में देहरादून अफगानिस्तान का होम ग्राउंड था. फिर अफगानिस्तान ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी अपने होम मैच खेले. वहीं ग्रेटर नोएडा भी कई मैचों के लिए उनका होम वेन्यू रहा. हालांकि, भारत के खिलाफ भारत में वो पहली बार मेजबानी करेगा.
यह भी पढ़ें-
अजिंक्य रहाणे के डेब्यू को लेकर आई बड़ी खबर, नई पारी की होगी शुरुआत

Leave a Reply