World Record News: नीमच जिले के जावद की रहने वाली मेहंदी आर्टिस्ट अंजलि चौहान ने 5 बाय 5 फीट के कैनवास पर भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलरामजी की पेंटिंग बनाकर बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इसे बनाने में 700 ग्राम मेहंदी और 10 दिन का समय लगा।

पेंटिंग का औपचारिक अनावरण नीमच स्थित इस्कॉन मंदिर में किया गया। विश्व रिकॉर्ड संस्था कि ओर से प्रमाण पत्र जारी कर मेडल और स्मृति चिन्ह भी दिया।
700 ग्राम मेहंदी का घोल और फेविकोल की प्रिजर्वेटिव कोटिंग
सामान्य तौर पर मेहंदी की छोटी डिजाइनों में 20 से 30 ग्राम मेहंदी लगती है, लेकिन 5 बाय 5 फीट के इस विशाल आकार को उकेरने में 700 ग्राम मेहंदी का उपयोग किया गया। मेहंदी सूखने के बाद पपड़ी बनकर झड़े नहीं और रंग एक समान बना रहे, इसके लिए घोल में शक्कर की मात्रा बढ़ाई गई। वहीं पेंटिंग को सुरक्षित रखने के लिए इसे छोटे-छोटे हिस्सों में तैयार किया गया और मेहंदी सूखते ही उस पर फेविकोल की हल्की परत चढ़ाई गई।
सोशल मीडिया की रील से मिला था विचार
अंजलि पहले से ही पारंपरिक मेहंदी कला का काम करती आ रही हैं। सोशल मीडिया पर रील देखने के दौरान उन्हें मेहंदी से कुछ नया और बड़ा कैनवास तैयार करने का विचार आया था। इसके बाद उन्होंने 5×5 फीट के कैनवास पर 10 दिनों तक दिन-रात मेहनत कर इसे पूरा किया। संस्था की टीम द्वारा 25 वर्ग फीट आकार और 700 ग्राम सामग्री का ऑनलाइन सत्यापन करने के बाद प्रमाण पत्र जारी किया गया।



Leave a Reply