‘इंद्रदेव को मनाने गधे को खिलाए गुलाब जामुन’…बारिश नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी परंपरा निभाते हुए अनोखा टोटका किया। गधे को गुलाब जामुन खिलाने के बाद नगर पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर पूरे कस्बे में जुलूस निकाला गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह अनोखा मामला एमपी से सामने आया है…
हाइलाइट्स
- बारिश के लिए अनोखा टोटका, गधे को गुलाब जामुन खिलाकर निकाली गई शोभायात्रा
- नगर पटेल की उल्टी सवारी, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे कस्बे में घुमाया
- सोशल मीडिया पर चर्चा, वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

मानसून की लंबी खामोशी और सूखे के मंडराते खतरे ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। फसलों को बचाने और रूठे इंद्रदेव को रिझाने के लिए नीमच जिले के जावद क्षेत्र में ग्रामीणों ने आस्था और पुरानी मान्यताओं का ऐसा अनोखा रास्ता चुना, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। यहाँ बारिश की आस में ग्रामीणों ने बाकायदा एक गधे की दावत कर उसे गुलाब जामुन खिलाए और फिर नगर पटेल को गधे पर उल्टा बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला।
सूखती फसलों को देख जागा पुरानी मान्यताओं पर भरोसा
जावद क्षेत्र में अल्पवर्षा के कारण नदी-नाले सूखे पड़े हैं और खेत पानी के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। जब आधुनिक विज्ञान और मौसम विभाग के अनुमानों के बीच भी बादल नहीं बरसे, तो युवाओं और किसानों ने अपनी प्राचीन परंपराओं का सहारा लिया। जावद के खोर दरवाजा स्थित रामलीला मैदान में विराजित ‘घास भेरू जी’ की ढोल-नगाड़ों के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई और अच्छी बारिश की मन्नत मांगी गई।
गुलाब जामुन की दावत और उल्टी सवारी का अनोखा मंजर
पूजा-पाठ के बाद जो नज़ारा देखने को मिला, उसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मान्यताओं के अनुसार गधे को थाली में रखकर मीठे-मीठे गुलाब जामुन परोसे गए। इसके बाद नगर पटेल को उसी गधे पर उल्टा बैठाया गया और पूरे कस्बे में जुलूस निकाला गया। इस अनोखे टोटके को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
‘ऐसे ही प्रसन्न होते हैं इंद्रदेव…’
स्थानीय निवासी बालकिशन धाकड़ और अन्य ग्रामीणों का मानना है कि जब-जब क्षेत्र पर सूखे का संकट मँडराता है, तब नगर पटेल की गधे पर उल्टी सवारी निकालने और गधे को मिठाई खिलाने जैसे पारंपरिक जतन से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं। ग्रामीणों ने हाथ जोड़कर भगवान से गुहार लगाई है कि अब जल्द से जल्द मेघ बरसें, ताकि फसलों को नई ज़िंदगी मिल सके और मंडराता जल संकट दूर हो।
‘झोला उठाऊंगा और चला जाऊंगा, ऐसा नहीं कहूंगा…’नरोत्तम के गढ़ में आशुतोष के तल्ख तेवर, बोले-अब यहीं रहूंगा, भावुक भी नजर आए
‘डॉक्टर ने मुंह में उगा दी दाढ़ी!’ सर्जरी के बाद अंदर निकलने लगे बाल, मरीज बोला- निवाला निगलना भी नर्क हो गया
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘मीठी दावत’
गधे की शाही मेहमाननवाजी और नगर पटेल की उल्टी सवारी की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग विज्ञान के इस युग में ग्रामीणों की इस निश्छल आस्था और अनूठे प्रयास को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।



Leave a Reply