बंधक बनाकर तीन घंटे तक लाठियों से पिटाई, प्रेम प्रसंग का है मामला, जूतों की माला पहनाई, चोर समझकर युवती के परिजनों ने पीटा – held hostage and beaten with sticks for three hours case is love affair wear a garland of shoes girl family beat
Neemuch News: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। युवक को युवती के परिजनों ने तीन घंटे तक पीटा और फिर जूतों की माला पहनाई।

युवती ने परिजनों ने की पिटाई
युवती के परिजनों ने युवक को रात के अंधेरे में घर के पास देखकर चोर समझा और पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर लाठियों से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस शुरुआती जांच में पूरे मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रही है।
रात दो बजे मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, चिकली गांव का रहने वाला 22 वर्षीय श्रवण चावड़ा रविवार रात करीब 2 बजे सेमली इस्तमुरार में अपने एक रिश्तेदार कंवरलाल बंजारा के घर के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि श्रवण वहां चुपके से एक युवती से मिलने आया था। इसी दौरान घर के लोगों की आंख खुल गई और उन्होंने युवक को देख लिया।
परिजनों ने समझा था चोर
परिजनों ने उसे चोर समझा और शोर मचाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद युवक को एक खंभे से बांध दिया गया और लाठियों से उसकी जमकर पिटाई की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक को बुरी तरह अपमानित करने के लिए उसके गले में जूतों की माला भी पहना दी गई। एक बुजुर्ग व्यक्ति युवक पर लाठी से मार रहा था।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मामला प्रेम-प्रसंग की वजह से बढ़ा। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच गांव के स्तर पर आपसी समझौते की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भीमसिंह सिसौदिया, कुकडेश्वर थाना प्रभारी
मारपीट के कारण युवक के चेहरे और शरीर पर चोट व खून के निशान भी दिखाई हैं। पीड़ित श्रवण ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे रातभर बंधक बनाकर रखा और सुबह करीब 5 बजे छोड़ा। वहां से छूटने के बाद पीड़ित सीधा कुकडेश्वर थाने पहुंचा और आपबीती सुनाई।
- युवक को रातभर बंधक बनाकर पीटा
- प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है मामला
- रात दो बजे परिवार ने युवक को बनाया था बंधक
- पीड़ित ने कहा- तीन घंटे तक करते रहे पिटाई
दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, जांच जारी
युवक की शिकायत के बाद कुकडेश्वर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कंवरलाल बंजारा और उसकी पत्नी कमलाबाई बंजारा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कुकडेश्वर थाना प्रभारी भीमसिंह सिसौदिया ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मामला प्रेम-प्रसंग की वजह से बढ़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच गांव के स्तर पर आपसी समझौते की बात भी सामने आई है, लेकिन पुलिस में शिकायत दर्ज होने के कारण कानून के मुताबिक वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।



Leave a Reply