बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें, पुलिसवालों पर इसी का दिखाता था धौंस, अफीम की तस्करी करने वाला सुरेश जाट गिरफ्तार – opium smuggler suresh jat used photos with prominent leaders to intimidate police personnel now arrested
Neemuch Police Arrest Suresh Jat: नीमच पुलिस ने पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेश जाट को गिरफ्तार किया है। वह अफीम और डोडाचूरा की तस्करी में लिप्त था। बड़े नेताओं से नजदीकियां दिखाकर वह पुलिसवालों पर धौंस जमाता था।
हाइलाइट्स
- नीमच पुलिस ने अफीम तस्करी में शामिल सुरेश जाट को किया गिरफ्तार
- सुरेश जाट अपने संबंधों के नाम पर जमाता था धौंस
- कई बड़े नेताओं के साथ है उसकी तस्वीरें
- विधायक का प्रतिनिधि भी रहा है सुरेश जाट

बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ दिखाता था अपनी नजदीकियां
सुरेश जाट खुद को विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, सांसद सुधीर गुप्ता, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय सहित स्थानीय स्तर पर मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली का करीबी बताता था । वे इन नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों के दम पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर अपना रौब जमाया करता था।
13 जुलाई को सुरेश जाट हुआ गिरफ्तार
बीते सोमवार, 13 जुलाई को मनासा थाने की कंजार्डा चौकी प्रभारी श्याम कुमावत ने सुरेश जाट को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी श्याम कुमावत ने बताया कि वर्ष 2023 के एनडीपीएस एक्ट के एक मामले आरोपी सुरेश जाट को गिरफ्तार किया है।
राजनीतिक रसूख का कर रहा था इस्तेमाल
बताया जा रहा है कि सुरेश जाट लंबे समय से राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर इस क्षेत्र में तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। वे पुलिस को बड़े नेताओं का करीबी बताकर धौंस दिखाते थे। जैसे ही सुरेश जाट की गिरफ्तारी हुई, उसके बाद से ही सोशल मीडिया सहित पूरे नीमच जिले में दिग्गज नेताओं के साथ सुरेश जाट की कई तस्वीरें और सेल्फी तेजी से वायरल हो रही हैं।
तीन महीने पहले पकड़े गए तस्कर ने उगला नाम
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करीब तीन महीने पहले हुआ था, जब मनासा पुलिस ने वर्ष 2023 के एक एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे तस्कर सुखलाल धनगर को गिरफ्तार किया था। पुलिस हिरासत में हुई कड़ी पूछताछ में सुखलाल ने सुरेश जाट के नाम का खुलासा किया। उसने बताया कि तस्करी के इस खेल में सुरेश जाट मुख्य भूमिका निभा रहा था और उसी के इशारे पर माल की सप्लाई की जा रही थी। इस बड़े खुलासे के बाद से ही पुलिस सुरेश जाट की तलाश में जुट गई थी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कंजार्डा चौकी प्रभारी ने दबोचा
सोमवार को कंजार्डा चौकी प्रभारी श्याम कुमावत को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि 5 हजार का इनामी आरोपी सुरेश जाट इलाके में देखा गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की और उसे धर दबोचा। सुरेश जाट पिता रामलाल जाट उम्र 51 साल निवासी सरवानिया महाराज के खिलाफ मनासा थाने में अपराध क्रमांक 471/2023 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29, 25 में मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।



Leave a Reply